हॉलीवुड के पर्दे से आसमान तक: उड़ने वाली कार का सपना अब हकीकत के करीब!
फहीम खान |
कभी हॉलीवुड की फिल्मों में उड़ती कार देखकर लगता था कि काश! ऐसा सच में हो पाता. कार हवा में उड़ रही है, कभी उल्टी होकर दौड़ रही है, तो कभी पलक झपकते ही रॉकेट जैसी रफ्तार पकड़ रही है. दर्शकों के लिए ये दृश्य किसी जादू से कम नहीं होते थे. लेकिन अब जरा सोचिए, अगर यही नजारा हकीकत में देखने को मिले तो! शायद आपके मुंह से भी निकलेगा, 'इस पीढ़ी ने अब तक क्या कुछ नहीं देख लिया, बस यही देखना बाकी था!'
16 अक्टूबर 2026 को एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने अपनी सेकेंड जनरेशन रोडस्टर को लेकर ऐसा ही रोमांचक प्रदर्शन दिखाया, जिसने उड़ने वाली कारों की कल्पना को फिर चर्चा में ला दिया. कंपनी के दावों के मुताबिक, कार एक बड़े घुमावदार रैंप पर तेजी से ऊपर बढ़ी, उल्टी हुई और फिर हवा में उड़ते हुए पलटी. इसके बाद कार ने सुरक्षित लैंडिंग की. इसमें रॉकेट में इस्तेमाल होने वाले थ्रस्टर्स लगाए गए हैं, जिनकी मदद से कार हवा में कलाबाजियां दिखा सकती है. कंपनी का यह भी दावा है कि कार महज 0.81 सेकेंड में 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसके प्रोडक्शन की शुरुआत 2028 में होने की बात कही गई है.
अब तक उड़ने वाली कारों को हमने फिल्मों में देखा था, लेकिन टेस्ला के इस दावे ने लोगों की कल्पनाओं को एक बार फिर पंख दे दिए हैं. और इस मौके पर हॉलीवुड की उन फिल्मों को याद करना तो बनता है, जिन्होंने उड़ती कारों का सपना सबसे पहले हमारी आंखों के सामने उतारा था.
आज से करीब 120 साल पहले, जब दुनिया में तकनीक इतनी विकसित नहीं थी, तब भी फिल्मकार उड़ने वाली कार की कल्पना कर चुके थे. वर्ष 1906 में आई मूक फिल्म The '?' Motorist में एक कार पुलिस से बचने के लिए आसमान में उड़ती हुई अंतरिक्ष तक पहुंच जाती है. जरा सोचिए, उस जमाने में दर्शकों ने यह दृश्य देखकर कैसी प्रतिक्रिया दी होगी!
इसके बाद 1930 की फिल्म Just Imagine में वर्ष 1980 के भविष्य की कल्पना की गई. यहां सड़कों पर चलने वाली कारों के बजाय आसमान में उड़ते वाहनों की कतारें दिखाई गईं. यानी जिस भविष्य की कल्पना आज की तकनीक कर रही है, उसका बीज सिनेमा ने लगभग एक सदी पहले ही बो दिया था.
1961 की डिज्नी फिल्म The Absent-Minded Professor में एक प्रोफेसर 'फ्लबर' नाम का अनोखा पदार्थ बनाता है, जिसकी मदद से उसकी पुरानी फोर्ड मॉडल टी कार उड़ने लगती है. फिर 1968 की Chitty Chitty Bang Bang आई, जिसमें एक ऐसी जादुई कार थी, जो सड़क पर चलने के साथ हवा में उड़ सकती थी और पानी पर तैर भी सकती थी. बच्चों के लिए यह कार किसी सपने से कम नहीं थी.
1974 की जेम्स बॉन्ड फिल्म The Man with the Golden Gun में खलनायक स्कारामंगा अपनी कार में पंख और जेट इंजन लगाकर हवा में उड़ जाता है. उस दौर में यह दृश्य भले ही फिल्मी कल्पना रहा हो, लेकिन उड़ने वाली कार का आकर्षण लगातार बढ़ता गया.
जब आसमान ही बन गई सड़क
1982 में आई Blade Runner ने उड़ने वाली कारों की दुनिया को बिल्कुल नया रूप दिया. फिल्म में 'स्पिनर' नाम के वाहन ऊंची इमारतों के बीच उड़ते नजर आए. इनकी खासियत थी कि ये सीधे ऊपर उठ सकते थे. वर्ष 2017 में आई Blade Runner 2049 में भी ऐसी कारें दिखाई गईं.
इसके बाद 1989 की Back to the Future Part II ने उड़ने वाली कार को घर-घर में लोकप्रिय बना दिया. फिल्म की डीलोरियन कार के पहिये मुड़ जाते हैं और वह हवा में उड़ने लगती है. आज भी इस कार को यादगार फिल्मी वाहनों में गिना जाता है.
1997 की The Fifth Element में भविष्य के न्यूयॉर्क का ऐसा नजारा दिखाया गया, जहां आसमान में ट्रैफिक जाम लगता है. ब्रूस विलिस की पीली उड़ने वाली टैक्सी भी खूब चर्चा में रही. उसी साल Men in Black में एक साधारण कार के भीतर छिपे जेट थ्रस्टर्स उसे उल्टी करके सुरंग की छत पर दौड़ाने लगते हैं. अब टेस्ला की कार में थ्रस्टर्स की चर्चा सुनकर इस फिल्म का दृश्य याद आना स्वाभाविक है.
जादुई कार से अंतरिक्ष तक का सफर
2002 की Harry Potter and the Chamber of Secrets में रॉन वीजली की नीली फोर्ड एंग्लिया कार जादुई तरीके से उड़ती है. इस कार ने बच्चों की कल्पनाओं को नई उड़ान दी.
2012 की Total Recall में भविष्य की तकनीक से चलने वाली कारों के बीच जबरदस्त पीछा दिखाया गया. वहीं, 2021 की F9: The Fast Saga में कार को रॉकेट इंजन की मदद से अंतरिक्ष तक पहुंचा दिया गया. फास्ट एंड फ्यूरियस जैसी फ्रैंचाइजी में, जहां कारों की रफ्तार और स्टंट पहले ही मशहूर हैं, यह दृश्य कल्पना की सारी सीमाएं पार करता नजर आया.
सपना अभी पूरा नहीं हुआ, लेकिन रास्ता खुल रहा है
उड़ने वाली कार का मतलब सिर्फ सड़क छोड़कर हवा में पहुंच जाना नहीं है. इसके लिए सुरक्षा, संतुलन, ऊर्जा, नियंत्रण, हवाई यातायात और सरकारी मंजूरी जैसी कई चुनौतियों से निपटना होगा. टेस्ला के दावों ने इस दिशा में उत्सुकता जरूर बढ़ाई है, लेकिन आम लोगों के लिए ऐसी कारों में सफर करना अभी भविष्य की बात है.
फिर भी, एक बात तो तय है. जिस कल्पना को कभी हॉलीवुड ने पर्दे पर उतारा था, आज तकनीक उसे नए अंदाज में हमारे सामने ला रही है. कभी मोबाइल फोन भी विज्ञान-कथा का हिस्सा लगते थे, लेकिन आज वे हमारी जेब में हैं. इलेक्ट्रिक कारें भी कभी भविष्य की तकनीक मानी जाती थीं, लेकिन अब सड़कों पर दिखाई देती हैं. तो क्या आने वाले समय में हम ट्रैफिक जाम से बचने के लिए कार को हवा में उड़ा सकेंगे? क्या बच्चों की किताबों और हॉलीवुड फिल्मों में दिखने वाली उड़ती कारें हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनेंगी?
फिलहाल इन सवालों के जवाब भविष्य के पास हैं. लेकिन टेस्ला के इस दावे ने कल्पना की दुनिया में हलचल जरूर मचा दी है. और अगर आने वाले वर्षों में उड़ती कारें आम हो गईं, तो शायद हमारी अगली पीढ़ी हॉलीवुड की इन फिल्मों को देखकर कहेगी, 'अरे, लोग कभी उड़ने वाली कारों को सिर्फ फिल्मी सपना समझते थे!'



Comments
Post a Comment