ज्वेल चांगी एयरपोर्ट – एक हवाईअड्डा या स्वर्ग का प्रवेशद्वार?
- फहीम खान fahim234162@gmail.com 2024 में सिंगापुर की मेरी यात्रा का सबसे यादगार हिस्सा कुछ और नहीं, बल्कि वहां का ज्वेल चांगी एयरपोर्ट रहा। आपने अक्सर सुना होगा कि एयरपोर्ट केवल उड़ान पकड़ने की जगह होता है – भीड़, हड़बड़ी और लंबी कतारें। लेकिन सिंगापुर ने इस परिभाषा को पूरी तरह बदल दिया है। जैसे ही मेरी फ्लाइट चांगी एयरपोर्ट पर उतरी और मैं टर्मिनल 1 के आगमन हॉल से बाहर निकला, सामने जो नज़ारा था, उसने मुझे चौंका दिया – एक कांच और स्टील से बना भव्य गुंबद, जिसके अंदर हरियाली से भरा एक स्वप्नलोक जैसा दृश्य। ज्वेल में कदम रखते ही ऐसा लगा जैसे किसी दूसरी दुनिया में प्रवेश कर गया हूं। आसमान छूती हरियाली, बीचोंबीच गिरता हुआ विशाल झरना – "एचएसबीसी रेन वोरटेक्स", जो दुनिया का सबसे ऊंचा इंडोर वॉटरफॉल है – और उसके चारों ओर बना फॉरेस्ट वैली, जहां पेड़ों और पौधों की खुशबू से मन ताजगी से भर गया। मैंने सबसे पहले वहां का इंटरेक्टिव नक्शा उठाया और घूमना शुरू किया। ऊपर की मंजिलों पर पहुंचा, तो वहां तरह-तरह की दुकानों की कतारें थीं – स्थानीय ब्रांड से लेकर इंटरनेशनल डिज़ाइनर स्टोर्स तक।...