आसान नहीं होगा छुट्टियों का मजा!

आसान नहीं होगा छुट्टियों का मजा!
-इस महीने मिलेंगे लंबे वीकेंड
- फ्लाइट महंगी, ट्रेन में लंबी वेटिंग
- नहीं मिल रही होटल बुकिंग
फहीम खान, 8483879505
अगस्त महीने में कई छुट्टियां एकसाथ आ रही हैं. सोमवार 7 अगस्त को रक्षाबंधन की छुट्टी है. शुक्रवार 4 अगस्त से ही ज्यादातर लोगों ने 4 दिन के वीकेंड का प्लान बना लिया है. जो लोग इस मौके को कैश नहीं करा पा रहे हैं उन्होंने 15 अगस्त वाले सप्ताह की छुट्टियां एन्जॉय करने का प्लान बना लिया है. हालांकि कुछ टूर आॅपरेटर्स का यह भी मानना है कि जिन्होंने अभी कोई प्लान नहीं बनाया है वो इस बार या तो रुक जाए, या फिर पूरा टूर प्लान बनाकर ही निकलें, वर्ना डेस्टिनेशन पर पहुंच कर उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
बुकिंग कैंसल करने की नौबत
12-13 अगस्त को शनिवार-रविवार के बाद सोमवार 14 अगस्त को जन्माष्टमी और मंगलवार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी है. इसके बाद गुरुवार 17 अगस्त को पारसी नववर्ष नवरोज की छुट्टी, अगस्त के आखिरी सप्ताह में भी 3 दिन लंबा वीकेंड है. शुक्रवार 25 अगस्त को गणेश चतुर्थी की छुट्टी और फिर शनिवार-रविवार की छुट्टी. इन सभी छुट्टियों को कैश करने की लोगों में होड़ मची दिख रही है. जिसका नतीजा यह है कि फ्लाइट की टिकट के दाम पहले ही बढ़ चुके हैं. उधर ट्रेन की टिकट में लंबी वेटिंग चल रही है. बसों में हालांकि अभी भी गुंजाइश नजर आ रही है. लेकिन प्राइवेट टैक्सी ओनर्स की मानें तो उनके यहां भी इस दौरान की बुकिंग काफी ज्यादा हो रही है. कइयों के साथ यह समस्या भी है कि एक ही समय में बहुत ज्यादा लोगों द्वारा  बुकिंग मांगने पर उन्हें बुकिंग कैंसल करनी पड़ रही है.
अब देर हो गई
टूर आॅपरेटर्स की मानें तो ज्यादातर डेस्टिनेशन्स पर होटल रूम्स पहले ही बुक हो चुके हैं. शहर से टूर पर जा रहे ज्यादातर लोगों ने पिछले महीने में ही अपनी बुकिंग करा ली थी. जिसके चलते इन छुट्टियों वाले दिनों में ज्यादातर स्पॉट्स हाउस फुल हो चुके हैं.
शहर के टूर आॅपरेटर संदीप नेगी का कहना है कि तीन-चार दिन की छुट्टियां बिताने लायक स्पॉट्स नागपुर के आस -पास में ज्यादा नहीं है. ऐसे में पचमढ़ी, शेगांव, शिर्डी, चिखलदरा, हैदराबाद, गोवा और महाबलेश्वर के लिए ज्यादातर प्लानिंग होती दिख रही है. सरकारी कर्मी और स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावकों के लिए 15 अगस्त वाली छुट्टियां टूर के लिए बहुत अच्छा आॅप्शन साबित नहीं हो पा रही हैं.
वहीं दूसरे टूर आॅपरेटर आर. के. बिस्वास का कहना है कि लंबे वीकेंड्स पर अक्सर बुकिंग्स ज्यादा बढ़ जाती है. 15 अगस्त वाले वीकेंड के लिए तो एक-डेढ़ महीने पहले से ही बुकिंग हो रही है. ज्यादातर लोगों की एडवांस में बुकिंग हो चुकी है, इसी के चलते अब ज्यादातर जगहों पर टूर आॅपरेटर्स खुद ही लोगों को घूमने जाने की प्लानिंग नहीं करने की सलाह दे रहे हैं.
 पूरा टूर बनाने की सलाह
शहर के ज्यादातर टूर आॅपरेटर्स यह भी कहते हैं कि इस बार अगस्त महीने के सभी वीकेंड बिलकुल भीड़भाड़ से भरे रहने वाले हैं. जिन लोगों को अभी ट्रेन के टिकट नहीं मिल पा रहे हैं वो तत्काल पर नजरें लगाए बैठे हैं. हालांकि टूर आॅपरेटर्स का मानना है कि किसी को लास्ट मिनट तक टिकट मिल भी जाता है, तब भी कहीं भी ठहरने का इंतजाम खोजना इस बार एक बड़ी समस्या साबित होने वाली है. आॅपरेटर्स तो यह भी सजेस्ट कर रहे हैं कि पूरा टूर पैकेज तैयार करने के बाद ही घर से निकलना बेहतर विकल्प है.

Fahim Khan

A Journalist now working for Lokmat Media pvt ltd. As a Dy. Chief Sub Editor. Specially deals in Naxal and tribal matter. Work as a Sr. Journalist for more than 10 years. After worked in Gadchiroli, worked 3 years at Amravati. From 2014 working at Nagpur.

Post a Comment

Previous Post Next Post

FAHEEM KHAN

Search This Blog