बिना हेल्मेट वाली फोटो भी कटवा सकती है चालान

बिना हेल्मेट वाली फोटो भी कटवा सकती है चालान
-टू व्हीलर चलाते हुए फोटो खिंचवाना पड़ेगा महंगा
-‘ढिंचैक पूजा’ मामले से इंस्पायर हुई ट्रैफिक पुलिस
फहीम खान
शहर पुलिस ने बिना हेल्मेट टू व्हीलर चलाने वालों के खिलाफ तरह-तरह की मुहिम चलाकर हेल्मेट को अनिवार्य करने की कोशिश की है. हालांकि अब भी शहर की सड़कों पर 15-20 प्रतिशत चालक बिना हेल्मेट टू व्हीलर चलाते हुए नजर आ ही जाते हैं. अब ट्रैफिक पुलिस ने हेल्मेट पहनने की आदत को शत प्रतिशत में बदलने की ठान ली है. इसके लिए अब जल्द ही सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाने वाला है. उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस की तर्ज पर अब ट्रैफिक पुलिस उन लोगों पर कार्रवाई करने की योजना बना रही है जो बिना हेल्मेट गाड़ी चलाते हैं और फिर अपनी तस्वीरें और वीडियो को सोशल मीडिया में अपलोड भी कर देते हैं. पेश है मेट्रो एक्सप्रेस की रिपोर्ट.
----
सिटी पुलिस के डीसीपी ट्रैफिक रवींद्रसिंह परदेसी इन दिनों दिल्ली में हैं. शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त -दुरुस्त करने के लिए बनाई जा रही योजना के सिलसिले में उनकी ये विजिट बताई जा रही है. सिटी पुलिस दिल्ली पुलिस से ट्रैफिक के नियमों पर कड़ाई से अमल करने के नुस्खे भी सीख रही है. जानकारी है कि जल्द ही इसके लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाने वाला है. बता दें कि शहर की ट्रैफिक पुलिस लंबे समय से ट्विटर फेसबुक और व्हॉट्सएप्प पर एक्टिव है. ट्रैफिक पुलिस ने अपने पेजेस भी बना रखे हैं, जहां शहरवासी अपने कमेंट्स डालते रहते हैं.
----
ये है मामला
‘सेल्फी मैंने ले ली आज, सिर पे मेरे रहता ताज’ गाने से मशहूर हुई ‘ढिंचैक पूजा’ इन दिनों यूट्यूब पर कहर बरपा रही है. अभी हाल ही में उन्होंने एक वीडियो शूट किया है, जिसको लेकर उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं. वीडियो को दिल्ली की सड़कों पर शूट किया गया है. जिसमें वो बिना हेलमेट के स्कूटर चला रही हैं. वीडियो में वो गाती हुई दिखाई दे रही हैं ‘दिलों का शूटर, है मेरा स्कूटर’. इस मामले में एक युवक द्वारा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को टैग करके पोस्ट डालने के बाद पूजा का चालान बनाया गया. इसी घटना से प्रेरणा लेते हुए शहर की ट्रैफिक पुलिस भी अब अपनी कार्रवाई को तेज करने का मन बना रही है.
---
वर्जन...
उठा रहे हैं अहम कदम
आने वाले समय में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में हम बेहद अहम कदम उठाने जा रहे हैं. हमने यह भी तय किया है कि इस काम में शहरवासियों का ज्यादा से ज्यादा सहयोग लिया जाए. दिल्ली पुलिस से हम संपर्क में हैं. हम चाहते हैं कि शहर की सड़कों को ज्यादा से ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सके. टू व्हीलर चलाते समय हमेशा हेल्मेट पहनना चाहिए. हम यह मैसेज भी सभी तक (खासकर यंगस्टर्स तक) पहुंचाना चाहते हैं. इसके लिए जरूरी जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा.
- रवींद्रसिंह परदेसी, डीसीपी (ट्रैफिक)
------

Fahim Khan

A Journalist now working for Lokmat Media pvt ltd. As a Dy. Chief Sub Editor. Specially deals in Naxal and tribal matter. Work as a Sr. Journalist for more than 10 years. After worked in Gadchiroli, worked 3 years at Amravati. From 2014 working at Nagpur.

Post a Comment

Previous Post Next Post

FAHEEM KHAN

Search This Blog