सॉइल टेस्टिंग के लिए खोद डाली सड़क

सॉइल टेस्टिंग के लिए खोद डाली सड़क
- फ्लाइओवर के नाम पर एनएचआई ने खुदवाए थे गड्ढे
फहीम खान, 8483879505
पिछले कुछ दिनों से शहर में विकासकामों की बाढ़ सी आ गई है. ज्यादातर विकासकामों की शुरुआत होती है और फिर किसी को याद आता है कि कुछ रह गया है. एजेंसियों के बीच समन्वय का अभाव भी विकासकामों के हो जाने के बाद उसे बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार साबित होने लगा है. कुछ ऐसा ही हुआ है उस सीमेंट रोड के साथ जिसे कुछ ही अरसा पहले बनाया गया था. लेकिन इसी मार्ग पर नया फ्लाईओवर बनाने का निर्णय हुआ तो सीमेंट रोड के बीच में ही टेस्टिंग के लिए गड्ढे खुदवा दिए गए. काम पूरा हो जाने के बाद यही गड्ढे अब वाहनों की आवाजाही में परेशानी पैदा कर रहे है. साथ ही इनसे हादसों की आशंका भी बढ़ गई है. पेश है मेट्रो एक्सप्रेस की रिपोर्ट.
आइए आपको बताते हैं असल मामला क्या है. हुआ यूं कि कुछ दिन पूर्व ही सदर -छावनी के बीच वाले खस्ताहाल मार्ग को सीमेंट रोड में तब्दील किया गया है. लेकिन अचानक ही लिबर्टी चौक से मेंटल हॉस्पिटल चौक तक यातायात की समस्या को देखते हुए फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया गया. इस निर्णय के बाद नेशनल हाइवे अथॉरिटी आॅफ इंडिया (एनएचएआई) ने सॉइल टेस्टिंग की प्रक्रिया आरंभ कर दी. इसके लिए सदर -छावनी रोड पर गड्ढे खुदवाए गए.
हादसों की आशंका
सदर मार्ग पर सीमेंट रोड में मिट्टी का परीक्षण करने के लिए एनएचआई की ओर से गड्ढे तो खुदवाए गए लेकिन उन्हें अच्छी तरह भरकर समतल करने की जिम्मेदारी भी उनकी ही थी, जिसे पूरा नहीं किया गया. यह काम इस तरह किया जाना था कि कहीं पर भी वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें पेश न आएं. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. गड्ढों को भरते समय लापरवाही बरती गई. जिसका नतीजा यह हो गया है कि अब ये गड्ढे सीमेंट रोड पर तेज रफ्तार में चलने वाले वाहनों को हादसों का न्यौता दे रहे हैं.
बदलने पड़े टायर
सिटिजन रवि वानखेड़े का कहना है कि प्रशासन की इसी तरह की लापरवाही के चलते उन्हें एक बार अपनी गाड़ी के टायर चेंज कराने पड़े हैं. ऐसे गड्ढे एयरपोर्ट रोड पर किए गए थे. उनका सवाल है कि इस तरह के गड्ढे काम हो जाने के बाद ठीक तरह से बंद क्यों नहीं किए जाते? ऐसी लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग भी उन्होंने की है.
सभी विभाग एक जैसे
ऐसा नहीं है कि शहर में इस तरह की लापरवाही करने में केवल एनएचआई प्रशासन ही शामिल है. उल्लेखनीय है कि इसी तरह के हालात सेंटर एवेन्यू रोड पर भी हो गए  हैं. रवि अग्रवाल का कहना है कि इस रोड के गड्ढों से नागरिकों को परेशानी होने लगी है. यहां पर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का काम जारी होने से इसे उन्हीं के इंजीनियरों के माध्यम से दूर करने की कोशिश की जा रही है.

Fahim Khan

A Journalist now working for Lokmat Media pvt ltd. As a Dy. Chief Sub Editor. Specially deals in Naxal and tribal matter. Work as a Sr. Journalist for more than 10 years. After worked in Gadchiroli, worked 3 years at Amravati. From 2014 working at Nagpur.

Post a Comment

Previous Post Next Post

FAHEEM KHAN

Search This Blog