फ्लैट में चल रहा रेस्टरेंट किचन

फ्लैट में चल रहा रेस्टरेंट किचन
- अवस्थी चौक के मासूम अपार्टमेंट का मामला
फहीम खान, 8483879505
किसी भी रेसिडेंशियल अपार्टमेंट में कमर्शियल एक्टिविटिज चलाने की अनुमति नहीं होती. इस नियम के बावजूद शहर में एक अपार्टमेंट के फ्लैट में व्यावसायिक किचन चलाया जा रहा है. अवैध रूप से चलाए जा रहे इस किचन की जानकारी संबंधित विभागों को दिए जाने के बाद भी अबतक कोई कार्रवाई नहीं होना आश्चर्यजनक है. पेश है मेट्रो एक्सप्रेस की रिपोर्ट.
---
शहर के अवस्थी चौक परिसर में स्थित मासूम अपार्टमेंट के दूसरे माले पर पिछले कुछ समय से एक कमर्शियल किचन चलाया जा रहा है. यहां पर तरह-तरह का खाना बनाकर उसे शहर के विभिन्न इलाकों में डिलिवरी बॉय-गर्ल्स के माध्यम से सप्लाय भी किया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि एक रेस्टोरेंट चेन के मालिक द्वारा संचालित किए जा रहे इस किचन को शुरू करने से पहले अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य रहवासियों की सहमति लेने की भी जरूरत नहीं समझी गई. अब जब रहवासियों ने इस मामले में शिकायतें करनी शुरू कर दी हैं तो रेस्टारेंट मालिक और उनसे जुड़े अन्य लोग रहवासियों धमकाने लगे हैं.
----
क्या है मामला?
मासूम अपार्टमेंट के दूसरे फ्लोर पर फ्लैट नंबर 201 इनामुल रहीम के नाम पर है. ओनर ने अपना फ्लैट किसी रेस्टोरेंट मालिक को दे दिया है. जिसने अपार्टमेंट के किसी भी फ्लैट ओनर से बात नहीं की और फ्लैट नंबर 201 के भीतर ही अपना किचन शुरू कर दिया. अब फ्लैट में चल रहे कमर्शियल किचन के चलते अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य ओनर्स को परेशानी होने लगी है.
---
कर रहे बहस
इस अपार्टमेंट के रहवासियों का कहना है कि जैसे उन्हें इस किचन के स्टार्ट होने की जानकारी मिली उन्होंने उसी समय फ्लैट ओनर और रेस्टारेंट व्यवसायी से बात कर ऐसा नहीं करने का अनुरोध किया था. लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी. किचन में काम शुरू हो जाने के बाद से ही अपार्टमेंट में रहने वालों को इससे परेशानी हो रही है. जब इस मामले में रहवासियों ने यहां पर कार्यरत लोगों से बात करने की कोशिश की तो वे बहस करने लगे. यहां तक कि डिलिवरी बॉय और गर्ल्स भी रहवासियों के साथ बहस करते हैं.
--
क्या कहते हैं रहवासी?
अपार्टमेंट के एक फ्लैट ओनर मो. रियाजुद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि जब से इस मामले में उन्होंने अलग -अलग सरकारी एजेंसियों में शिकायतें की है, तभी से यहां रहने वालों को धमकाया जाने लगा है. अपार्टमेंट की एक अन्य फ्लैट ओनर असमा अनवर बताती हैं कि जब से यह किचन शुरू किया गया है, तभी से उनका चैन और सुकून छिन गया है. पहले यहां शांति रहा करती थी, अब दिन-रात खाना बनने और आवाजाही की गतिविधियां जारी रहने से उन्हें परेशानी होने लगी है.
----
कम्प्लेंट का भी कोई असर नहीं
उल्लेखनीय है कि इस मामले में फ्लैट ओनर्स ने मानकापुर पुलिस थाना, नागपुर महानगर पालिका प्रशासन और चीफ फायर आॅफिसर से शिकायत की है. उनकी शिकायत के बाद भी अबतक कोई एक्शन नहीं लिया गया है. हालांकि मानकापुर पुलिस थाने की एक टीम ने मंगलवार को अपार्टमेंट में पहुंचकर इस फ्लैट का मुआयना किया है. उल्लेखनीय है कि जिन अधिकारियों से शिकायत की गई है उन्होंने भी माना है कि रेसिडेंशियल अपार्टमेंट में इस तरह कोई भी कमर्शियल एक्टिविटी नहीं चलाई जा सकती.
---
दी जा रही हैं धमकियां
एमई को यहां के फ्लैट ओनर्स ने बताया है कि जब से उन्होंने इस रेस्टोरेंट के किचन की शिकायत की है तभी से कुछ लोग उन्हें फोन पर धमकाने लगे हैं. अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने के लिए कहा जाने लगा है. इस संबंध में पुलिस को भी बताया गया है लेकिन एक्शन क्यों नहीं हो रहा है, ये समझ से परे है.
---
सिक्योरिटी भी नहीं
उल्लेखनीय है कि इस अपार्टमेंट में कुल 8 ही फ्लैट हैं. ओनर्स की संख्या बहुत कम होने के चलते अपार्टमेंट की सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात नहीं हैं. ऐसे में कमर्शियल किचन यहां खुल जाने के बाद से 15-16 डिलिवरी बॉयज -गर्ल्स का यहां आना जाना रहता है. कई बार नए-नए चेहरे दिखाई देते हैं. अपार्टमेंट में रहने वालों को इससे परेशानी होने लगी है. उनका कहना है कि इस रेस्टोरेंट के चलते उनकी जान और स्वास्थ्य को खतरा होने लगा है. उल्लेखनीय है कि न सिर्फ रेजिडेंशियल फ्लैट में कमर्शियल एक्टिविटी चलाई जा रही है बल्कि इसके लिए अवैध तरीके से घरेलू सिलेंडर्स का भी इस्तेमाल किया जा रहा है.
--

Fahim Khan

A Journalist now working for Lokmat Media pvt ltd. As a Dy. Chief Sub Editor. Specially deals in Naxal and tribal matter. Work as a Sr. Journalist for more than 10 years. After worked in Gadchiroli, worked 3 years at Amravati. From 2014 working at Nagpur.

Post a Comment

Previous Post Next Post

FAHEEM KHAN

Search This Blog