बार -बार के जाम ने बढ़ाई मुश्किल

बार -बार के जाम ने बढ़ाई मुश्किल
- मामला कामठी रोड का
----
फहीम खान
इन दिनों शहर के ज्यादातर इलाकों में जोर-शोर के साथ विकासकार्यों को अंजाम दिया जा रहा है. इनमें चौराहों का सौंदर्यीकरण, पुल और सड़क निर्माण भी शामिल है. दर्जनों इलाकों में तो धड़ल्ले से सीमेंट रोड बनाई जा रही हैं. लेकिन इस सबके बीच शहर में सबसे ज्यादा ट्रैफिक वाली रोड की ओर किसी का ध्यान नहीं है. प्रशासन का यह रवैया स्थानीय नागरिकों को काफी अखर रहा है. हम बात कर रहे हैं. कामठी की ओर जाने वाली रोड की. यहां दिन भर वाहनों की इतनी भीड़ लगी रहती है कि हर पल जाम का सामना करना पड़ता है. इसी में रोड के बीचों-बीच स्थित संकरे पुल परेशानी को और बढ़ा रहे हैं. पेश है मेट्रो एक्सप्रेस की रिपोर्ट.
---
शहर से कामठी की ओर जाने वाली रोड की बदहाली से ज्यादातर शहरवासी भलीभांति परिचित हैं. हालांकि प्रशासन को भी इस रोड की दशा की पूरी जानकारी है. फिर भी अबतक इसे ठीक करने के लिए कोई प्रयास होते नजर नहीं आ रहे हैं. लेकिन इस रोड पर पिछले कुछ समय से तेजी से वाहनों की आवाजाही बढ़ती दिख रही है. यही कारण है कि अब इस मार्ग पर दिन भर ट्रैफिक जाम लगने लगा है. स्थानीय नागरिक बार-बार के जाम से बेहद परेशान हैं. लेकिन उनका कहना है कि शिकायतों के बाद भी उनकी समस्या को कोई गंभीरता से नहीं ले रहा है. जबकि शहर की बड़ी आबादी इस रोड किनारे बसी आवासीय कॉलोनियों में रहती है.
----
चौराहों पर समस्या
असल में कामठी रोड पर दिन भर वाहनों की आवाजाही लगी रहती है. लेकिन इस पूरे मार्ग पर स्थित ज्यादातर चौराहों पर समस्या कुछ ज्यादा ही गंभीर हो चली है. इन चौराहों पर बढ़ता अतिक्रमण भी यातायात में बाधा बनता जा रहा है. कई व्यापारी, दुकानदारों ने तो ज्यादातर चौराहों पर अवैध रूप से कब्जा जमा रखा है. जिसका सीधा असर ट्रैफिक पर होने लगा है. यातायात पुलिस कर्मियों का भी इस मार्ग के चौराहों पर उतना ध्यान नहीं रहता है, जिसके चलते नागरिकों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है.
---
कब होगी पुल की मरम्मत?
कामठी रोड पर स्थित संकरे पुल यातायात में सबसे बड़ी समस्या बन गए हैं. इस मार्ग के ज्यादातर पुल इतने संकरे हैं कि यहां पर एकसाथ दोनों ओर के वाहन ले जाने की कोशिश हो तो लंबा जाम लग जाता है. उल्लेखनीय है कि सुबह 9.30 बजे से लेकर दोपहर 1.30 बजे तक और शाम 4.30 बजे से लेकर रात 10.30 बजे तक इस रोड पर वाहनों की आवाजाही बहुत ज्यादा होती है. जिसके चलते ट्रैफिक जाम होने की समस्या भी इसी समय ज्यादा होती है. लेकिन अबतक इस ट्रैफिक की समस्या को दूर करने के लिए न तो शहर ट्रैफिक विभाग ने कोई कदम उठाए है और न ही महानगर पालिका के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने अतिक्रमण हटाने के लिए कोई मुहिम चलाई है.
----
शिकायतें अनसुनी
उल्लेखनीय है कि कामठी रोड से आमतौर पर स्कूल बस और मिलिटरी वाहनों की आवाजाही बहुत ज्यादा होती है. इस मार्ग पर ट्रकों की भी लंबी कतारें दिखाई देती है. रामटेक जाने वाले लोग भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते है. साथ ही हाइवे पहुंचने का यही मार्ग होने के चलते भी इस पर ज्यादातर समय वाहनों की आवाजाही बनी रहती है. इसके बावजूद भी प्रशासन की ओर से इस मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए अबतक कोई कदम नहीं उठाए जा सके हैं. स्थानीय नागरिक मोहम्मद नसीम शेख कहते है कि उन्होंने खुद इस मामले में कई बार शिकायत की है. उनकी शिकायतों को कभी गंभीरता से नहीं लिया गया है. इसी तरह की शिकायत विशाल मोहुर्ले ने की थी. लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
-----

Fahim Khan

A Journalist now working for Lokmat Media pvt ltd. As a Dy. Chief Sub Editor. Specially deals in Naxal and tribal matter. Work as a Sr. Journalist for more than 10 years. After worked in Gadchiroli, worked 3 years at Amravati. From 2014 working at Nagpur.

Post a Comment

Previous Post Next Post

FAHEEM KHAN

Search This Blog