नौकरी के नाम पर युवाओं को झांसा

नौकरी के नाम पर युवाओं को झांसा
- सोशल मीडिया का भी लिया जा रहा सहारा
फहीम खान, 8483879505
हम सभी जानते हैं कि आज के पढ़े -लिखे युवाओं को अच्छे वेतन वाली नौकरी का झांसा देकर कैसे लूटा जा रहा है. हाल ही में शहर में दो ऐसे ठगों की खबरें उजागर हुई हैं, जिन्होंने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को एक-एक  करोड़ रुपए से ज्यादा का चूना लगाया है. ऐसी ठगी से बचाने के लिए पुलिस के क्राइम विभाग की ओर से जनजागृति भी की जा रही है. बावजूद इसके हर बार कोई न कोई गिरोह नया आइडिया लेकर आ जाता है और रोजगार पाने की चाहत लिए युवाओं को लूट जाता है. इन दिनों शहर में ऐसा ही एक गिरोह एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने का लालच दे रहा है. पेश है मेट्रो एक्सप्रेस की रिपोर्ट.
----
शहर में जिस रफ्तार से एजुकेशनल इंस्टिट्यूट्स बढ़ते जा रहे है’, उसी तेजी से पढ़े लिखे बेरोजगार युवाओं की भी संख्या बढ़ रही है. इसी के चलते नौकरी पाने के लिए युवाओं को नाकों चने चबाने पड़ रहे हैं. इसका फायदा कुछ आपराधिक गिरोह उठाते दिख रहे हैं. शहर में इन दिनों एक ऐसा गिरोह बेहद एक्टिव हो गया है, जो देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स में अच्छे वेतन वाली नौकरी दिलाने का झांसा युवाओं को दे रहा है. उल्लेखनीय है कि ये सब इतनी सफाई के साथ किया जा रहा है कि बेरोजगार उनके चंगुल में आसानी से फंस भी रहे हैं.
------
सोशल मीडिया का सहारा
आमतौर पर यह बाया गया है कि कोई भी आपराधिक गिरोह युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लूटने के लिए फर्जी विज्ञापन देता है. लेकिन इस शातिर गिरोह ने न सिर्फ फर्जी विज्ञापन का सहारा लिया है बल्कि उसने अपने विज्ञापनों को फेसबुक, ट्विटर जैसे सोशल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी तेजी से फैलाना शुरू कर दिया है. यही कारण है कि शहर के ज्यादातर युवाओं को नौकरी संबंधी इस (फर्जी) विज्ञापन की जानकारी काफी जल्द मिल गई.
----
क्या है झांसा?
नागपुर सहित मुंबई, पुणे, एयरपोर्ट में सैकड़ों पदों पर नियुक्तियां करने के फर्जी विज्ञापन एक गिरोह द्वारा दिए जा रहे हैं. अपना नाम जाहिर नहीं करते हुए कुछ गिरोह केवल कॉन्टैक्ट नंबर देकर फर्जी विज्ञापन, पर्चे, पोस्टर के माध्यम से शहर के युवाओं को जॉब का झांसा दे रहे हैं.  दावा किया जा रहा है कि नागपुर एयरपोर्ट में 900 से ज्यादा लड़के -लड़कियों की जरूरत है. इसी तरह अन्य महानगरों के कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट्स पर भी पद भरे जाने हैं. फर्जी विज्ञापन में विभिन्न पदों के नाम भी गिनाए जा रहे हैं. सुपरवाइजर, हेल्पर और लोडर के पदों के लिए रहना, खाना, फंड और बोनस की व्यवस्था का भी लालच दिखाया जा रहा है.
---
ज्यादा वेतन का लालच
उल्लेखनीय है कि इन गिरोह के द्वारा जो फर्जी विज्ञापन दिए जा रहे हैं, उसमें बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट को अशिक्षित और केवल ग्रेजुएट युवाओं की जरूरत है. लेकिन इसी के साथ 42700 से 72700 रुपए सैलेरी देने की बात बताई जा रही है. इतना ज्यादा वेतन देखकर युवा भी लालच में फंस रहे हैं.
---
वर्जन...
कम्प्लेंट आने पर होगी कार्रवाई
ऐसे फर्जी विज्ञापन और गिरोह के बारे में हमें भी पता चलता है. लेकिन हम अपनी ओर से कोई पहल नहीं कर सकते. यदि कोई पीड़ित ऐसे मामले की शिकायत करें तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी. बेहतर ये भी है कि बेरोजगार युवा ऐसे झांसे से खुद को दूर रखा करें. फर्जी विज्ञापन और दावों की सत्यता जरूर जांच ले.
- संभाजी कदम, डीसीपी (क्राइम)
----

Fahim Khan

A Journalist now working for Lokmat Media pvt ltd. As a Dy. Chief Sub Editor. Specially deals in Naxal and tribal matter. Work as a Sr. Journalist for more than 10 years. After worked in Gadchiroli, worked 3 years at Amravati. From 2014 working at Nagpur.

Post a Comment

Previous Post Next Post

FAHEEM KHAN

Search This Blog